कलक्ट्रेट में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक को संबोधित करते डीएम संदीप कुमार व सीडीओ संत कुमार।
- जिला उद्योग बंधु की बैठक में उठा मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला उद्योग बंधु की बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में सीडीओ संत कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की सूची विभागवार प्रस्तुत किया। जिस पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए प्रकरण को तत्काल निस्तारित करने का निर्देश दिया है।
बैठक में व्यापारी संगठनो के जरिए औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में विद्युत समस्या का प्रकरण उठाया गया। जिस पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद हेतु अलग से सेपरेट फिडर हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही जगह का चयन किया जा रहा है। इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद पाठक के जरिए औद्योगिक क्षेत्र में कूड़ा मैनेजमेंट हेतु समिति के समक्ष सुझाव प्रस्तुत किया गया कि इन्वाॅयरमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के जरिए कूड़े का वेस्ट मैनेजमेंट किया जाता है। उक्त फर्म का विभागों के साथ प्रस्तुतीकरण करा कर समस्या का समाधान कराया जाए। जिस पर सीडीओ ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के साथ अलग से बैठक कर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त उद्योग आरके शर्मा ने विभाग से संचालित विभिन्न स्वरोजगार परक योजनाओं जिसमे प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद वित्तपोषण योजना की प्रगति के बारे में बताया।
बैठक में राम सिंह, एआईजी स्टांप एमपी मिश्रा, डॉ प्रभात कुमार द्विवेदी, आरपी तिवारी, जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।