संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार ने बुधवार को कलक्ट्रेट स्थित कार्यालयों व पटलों का जायजा लिया। उन्होंने कलक्ट्रेट के सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही बेवजह पत्रावलियों को न रोकने की हिदायत दी।
डीएम ने न्याय सहायक कक्ष, आयुध लिपिक कक्ष, खनन अनुभाग, प्रशासनिक अधिकारी कक्ष, आपदा नियत्रंण कक्ष, शिकायत कक्ष, नजारत, आंग्ल अभिलेखागार, राजस्व सहायक कक्ष, जिला कंट्रोल रूम, कॉल सेंटर, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कक्ष, भूलेख अनुभाग, राजस्व अभिलेखागार सहित अन्य कार्यालयों व पटलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ पटल प्रभारी एवं सहायकों से संबंधित पटल के कार्यों एवं उत्तरदायित्वों के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट परिसर एवं कार्यालयों में नियमित साफ-सफाई पर जोर दिया। उन्होंने कुछ पत्रावलियों की जांच की। शिकायती संदर्भों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के बारे में दिशा-निर्देश दिए। राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान डीएम ने बड़ी फोटो कॉपीमशीन, कम्प्यूटर व सफाई के लिए वैक्यूम क्लीनर की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने बंदोबस्त की बाइंडिंग कराने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह, प्रशासनिक अधिकारी योगेश चौधरी, बद्री प्रसाद श्रीवास्तव, ओएसडी राकेश कुमार, ईडीएम राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।