संतकबीरनगर। डीएम महेंद्र सिंह तंवर व एसपी सत्यजीत गुप्ता की संयुक्त अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट में बैठक हुई। इसमें शासन की मंशा के अनुसार सभी ग्राम पंचायतों को आपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित किए जाने की कार्य योजना बनाई गई। डीएम ने सभी ग्राम पंचायतों का विकास खंडों के माध्यम से सर्वे कराने के निर्देश दिए जिससे प्रमुख चौराहों, विद्यालयों के आसपास अथवा संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरा लगाए जा सकें। एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बतया कि शासन के मंशानुसार आपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों को कैमरे की निगरानी में रखे जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करनी है। इसकी मॉनीटरिंग पंचायत भवन स्तर से लेकर ब्लाक, तहसील एवं जिला मुख्यालय स्तर पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी कैमरा लग जाने से आपराधिक गतिविधियों में कमी आएगी तथा अराजकतत्वों में भय व्याप्त होगा। ऐसी गतिविधियों में लिप्त लोगों को पुलिस आसानी से चिह्नित कर सकेगी। इस दौरान सीडीओ संतकुमार, डीडीओ सुरेश चंद्र केसरवानी, डीसीएलआरएलएम जीशान रिजवी, डीसी मनरेगा प्रभात द्विवेदी, पीडी संजय नायक आदि मौजूद रहे।