सीटी स्कैन सेंटर में लगी आग, बिजली आपूर्ति ठप
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल के सीटी स्कैन सेंटर में बृहस्पतिवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे बिजली आपूर्ति के लिए लगा मेन बोर्ड जलकर राख हो गया। शुक्रवार को सेंटर में अंधेरा छाया रहा। देर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सीटी स्कैन कराने आए मरीज परेशान रहे।
सीटी स्कैन सेंटर पर प्रतिदिन 50 से 60 मरीज आते हैं। बृहस्पतिवार की शाम को सेंटर के कर्मचारी घर चले गए। उसके बाद कमरे से धुआं निकलने लगा। इसकी सूचना किसी ने सेंटर के कर्मचारियों को दी तो वे मौके पर पहुंच गए और सेंटर को खोला। बिजली आपूर्ति के लिए लगा मेन बोर्ड धू-धू कर जल रहा था। कर्मियों ने किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद की और आग बुझाई। शुक्रवार की सुबह जब अस्पताल खुला तो मरीज सीटी स्कैन कराने पहुंच गए। जब उन्हें पता चला कि आज सेंटर बंद है, तो निराश होकर लौट गए। सेंटर के प्रभारी इमरान ने बताया कि शार्ट सर्किट से मेन बोर्ड पूरी तरह से जल गया है। इससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। शुक्रवार की देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।