फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैश की किल्लत से बैंक बंदी, जाम व हंगामा

Wed, 07 Dec 2016 11:18 PM IST
Sant Kabir Nagar
विज्ञापन
एसबीआई और पूर्वांचल बैंक की शाखा में कैश न मिलने पर गुस्साए लोगों ने बाघनगर में मार्ग पर जाम लगा दिया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोट बंदी के 29वें दिन भी जिले में हालात सामान्य नहीं हुए। हाल यह है कि मांग के अनुसार कैश न मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम बंद हैं। देहात के अधिकांश बैंकों में लोगों को सरकार द्वारा तय रकम भी नहीं दी जा रही है। बुधवार को बाघनगर की एसबीआई व पूर्वांचल बैंक की शाखा से कैश न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने पहले शटर गिरा दिया, फिर प्रदर्शन करते हुए बीएमसिटी मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दो घंटे आवागमन बाधित रहा। बेलहर की एसबीआई शाखा पर भी ग्राहकों ने हंगामा किया। पूर्वांचल बैंक की 25 शाखाएं कैश की किल्लत से बंद रहीं। खलीलाबाद में बैैंकों में लेनदेन हुआ, लेकिन अधिकतर एटीएम बंद रहे। 
विज्ञापन

खलीलाबाद में स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, कृषि शाखा व विकास भवन शाखा खुली रही यहां भुगतान भी हुआ। विकास भवन की शाखा पर कैश न होने के कारण भुगतान नहीं किया गया। जिले में कुल 27 एटीएम हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम पहले से बंद हैं, जबकि जिसमें से स्टेट बैंक की कृषि शाखा, विकास भवन, मुख्य शाखा के दो एटीएम, यूको बैंक, आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम बंद बुधवार को बंद रहा।         
बाघनगर प्रतिनिधि के अनुसार, बाघनगर की एसबीआई और पूर्वांचल बैंक की शाखा में कैश न होने पर सुबह से बैंक सामने कतार में खड़े खाताधारकों का गुस्सा फूट पड़ा और लोग उग्र हो गए।  नाराज खाताधारकों ने बैंक का शटर गिरा दिया और बाहर लगा जनरेटर बंद कर दिया। आधे घंटे बाद चौकी पुलिस ने बैंक कर्मियों को सुरक्षा में बाहर निकाला। शाम तक फिर बैंक का ताला नही खुला। बैंक कर्मियों के पुलिस चौकी पर जाने पर वहां भीड़ एकत्र हो गई। बैंक कर्मियों व पुलिस से महिलाओं की नोकझोंक हुई। इसी बीच लोगों ने बीएमसिटी मार्ग जाम कर दिया। चौकी पुलिस इंचार्ज राज कुमार यादव को दुधारा से और पुलिस फोर्स बुलाना पड़ा। दुधारा से नायब दरोगा करूणाकर पांडेय भारी संख्या में पुलिस बल लेकर आए। जाम को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया तो महिलाएं आगे आकर पुलिस से भिड़ गई। पुलिस को महिलाओं को आगे आते देखकर पीछे हटना पड़ा। गुरूवार को पैसा मिलने की गांरटी लेने पर जाम हटा। प्रदर्शन कर रहे वसीम खान, हरीश चंद्र, अली हुसेन, नदीम अहमद, असलम, सकलैन खातून, रंभावती, विजय कुमार, करीम, समीउल्लाह, चिरंगी देवी, महेश यादव, अलीमुन्निसा, शाहजहां, राम रतन आदिे ने बताया कि चार दिन से पैसे के लिए बैंक के कतार में खड़ा होकर वापस जाना पड़ रहा है।
विज्ञापन

स्टेट बैंक सेमरियावां में भी कैश न होने की सूचना चस्पा है। पीएनबी सेमरियावां में एक हजार रुपये खाताधारकों को दिए गए। एसबीआई बाघनगर के शाखा प्रबंधक छबिलाल ने बताया कि बैंक में कैश न होने से लोगों ने उग्र होकर जनरेटर बंद कर दिया। पूरा दिन कामकाज प्रभावित रहा है। गुरुवार को कैश मिलते ही पैसा मिलना शुरू हो जाएगा। वहीं पूर्वांचल बैंक बाघनगर के शाखा प्रबंधक अंसार अहमद ने बताय कि बैंक में कैश है। पर किसी ने अफवाह फैला दी कि बैंक में कैश नहीं है। जिससे लोग उग्र हो गए। 
बेलहर प्रतिनिधि एसबीआई बेलहर कलां शाखा पर ग्राहक कैश के इंतजार में लाइन लगा कर घंटों से धक्का-मुक्की सह रहे थे। करीब दो बजे बैंक के कर्मी ने अपने किसी को अंदर करने के लिए गेट खोल दिया। गेट खुलते ही लोग अंदर जाने का प्रयास करने लगे। 
बैंक कर्मी द्वारा लोगों को पीछे करके गेट बंद करने की कोशिश की तो एक महिला का हाथ गेट में फंस गया और वह चुटहिल हो गई। इसको देखकर ग्राहकों की भीड़ उग्र हो गई। नाराज ग्राहक हंगामा करने लगे। किसी तरह पुलिस ने भीड़ को संभाला और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। बैंक में तैनात पुलिस कर्मी ने घायल महिला को सीएचसी बेलहर में ले जाकर इलाज कराकर घर भेज दिया। शाखा प्रबंधक बीपी त्रिपाठी ने बताया कि अफवाहों के कारण दिक्कत हुई। गुरुवार से कैश दिया जाएगा। बखिरा प्रतिनिधि के अनुसार एसबीआई शाखा पर नो कैश का बोर्ड बैंक गेट पर टंगने पर भीड़ ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। 
लीड बैंक मैनेजर के जी त्रिपाठी ने बताया कि 100 करोड की मांग के सापेक्ष सिर्फ 30 करोड मिल पाया। डिमांड के हिसाब से कैश उपलब्ध नहीं हो पाने से ऐसी समस्या बनी हुई है। जिले में कुल 27 एटीएम है और विभिन्न बैंकों की 126 शाखाएं है। करीब एक शाखा में चार से पांच कर्मचारी नियुक्त है। कैश की कमी से ग्राहकों को संतुष्ट नहीं कर पाने की कर्मियों को मलाल है। वहीं पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक वृज मोहिनी द्विवेदी ने बताया कि कैश की कमी से बुधवार को 25 शाखाएं बंद रही, जो खुली वह जमा होने वाली रकम से लोगों को जो दे पाई भुगतान की। गुरुवार के लिए एक करोड़ मिला है, जिससे 27 शाखाएं खोलने की कोशिश होगी। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें