संतकबीरनगर। नोटबंदी के बाद से ही जिले में कैश की कमी बनी हुई है। भुगतान पाना तो लोगों के लिए काफी मुश्किल हो गया है। रविवार को आलम यह था कि ग्रामीणांचल के सभी एटीएम बंद रहे, जिससे भुगतान के लिए लोग काफी परेशान हुए। वहीं शहर में एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक का एटीएम काम किया।
रविवार को बैंकों में बंदी रही। शहर में स्थित एचडीएफसी, स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, एसबीआई की कृषि विकास शाखा, विकास भवन स्थित एसबीआई और पीएनबी का एटीएम बंद रहा। कई लोग सुबह ही खलीलाबाद शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम पर पहुंचने शुरू हो गए थे, लेकिन शहर से लेकर गांव तक एटीएम के ताले नहीं खुले। लोगों को दिनभर भटकने के बाद निराश होकर लौटना पड़ा।
पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक वृज मोहिनी द्विवेदी ने बताया कि लगातार कैश कमी बनी हुई है। आगे बताया कि शनिवार को एक करोड़ मिला था। जिससे 30 शाखाओं पर भेजा जाएगा। शेष शाखाएं कैश से खाली रहेगी। जमा होने वाली धनराशि से बैंकों के भुगतान किए जाने के निर्देश दिए गए है। जनता से अपील है कि वह धैर्य बनाए रखे और डिमांड के बावजूद कैश नहीं मिलने की वजह से बैंक कर्मियों को भी हो रही परेशानी को समझे।