नोटबंदी के बाद से अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में कैश की किल्लत बनी हुई है। शनिवार को पूर्वांचल बैंक की सभी शाखा में लेनदेन हुआ। हालांकि पौली शाखा में कैश देर से पहुंचने के कारण दोपहर बाद भुगतान हुआ। वहीं एसबीआई धनघटा और पीएनबी उमरिया की शाखा कैैश से खाली रही। उपभोक्ताओं ने जो कैश जमा किया, उसी से कुछ उपभोक्ताओं को भुगतान दिया गया। वहीं जिले के कुल 28 एटीएम में से शहर के चार एटीएम समेत 20 बंद रहे।
पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक बृजमोहनी द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को पूर्वांचल बैंक की सभी 51 शाखाओं में लेनदेन हुआ है। हालांकि बैंक की पौली शाखा पर सुबह से पहुंचे उपभोक्ताओं को दोपहर बाद कैश मिल सका। दो करोड़ रुपये और मिल गए हैं, जिन्हें सोमवार को पूर्वांचल बैंक की शाखाओं को उपलब्ध करा दिया जाएगा। दूसरी तरफ एसबीआई धनघटा शाखा में भी कैश नहीं था, बैंक के प्रबंधक एसबी त्रिपाठी ने बताया कि उपभोक्ताओं ने जो कैश जमा किया था, उससे कुछ लोगों को भुगतान किया गया है।
पंजाब नेशनल बैंक की उमरिया की शाखा भी कैश से खाली रही। जो कैश उपभोक्ताओं ने जमा किया, उसी से कुछ लोगों को भुगतान किया गया। पीएनबी उमरिया शाखा पर कैश निकालने के लिए पहुंचे महेंद्र कुमार, राकेश कुमार ने बताया कि रूपये की जरूरत थी, लेकिन कैश न मिलने से वापस लौटने को मजबूर होना पड़ा। दूसरी ग्रामीण क्षेत्र के 16 एटीएम जहां बंद रहे, वहीं शहर के चार एटीएम रहे। इसमें शहर के स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के दोनों एटीएम तथा स्टेट बैंक विकास भवन शाखा व कृषि शाखा का एटीएम शामिल हैं। एटीएम बंद होने उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।