नोटबंदी के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी कैश की किल्लत बनी हुई है। पूर्वांचल बैंक की शाखाओं में बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी ‘नो कैश’ की स्थिति रही। कैश न मिलने से नाराज लोगों ने पूर्वांचल बैैंक की हैंसर बाजार शाखा पर कुछ देर तक हंगामा भी किया। इसके साथ ही एसबीआई धनघटा की शाखा भी कैैश से खाली रही। उपभोक्ताओं ने जो कैश जमा किया, उसी से कुछ उपभोक्ताओं को भुगतान दिया गया। दूसरी तरफ जिले के 28 एटीएम में से शहर के तीन एटीएम सहित कुल 19 एटीएम बंद रहे।
पूर्वांचल बैंक की क्षेत्रीय प्रबंधक बृजमोहनी द्विवेदी ने बताया कि गुरुवार को भी कैश नहीं मिला। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल बैंक की हैंसर बाजार शाखा पर कुछ देर के लिए उपभोक्ताओं ने हंगामा किया, हालांकि बाद में लोगों को समझाबुझाकर वापस भेजा गया। उन्होंने बताया कि बैैंकों में जो कैश जमा किया गया, उससे ही कुछ लोगों को भुगतान दिया गया। एसबीआई धनघटा शाखा में भी कैश नहीं था, बैंक के प्रबंधक एसबी त्रिपाठी ने बताया कि उपभोक्ताओं ने जो कैश जमा किया था, उससे कुछ लोगों को भुगतान किया गया है। उम्मीद है कि शुक्रवार को कैश मिल जाएगा। दूसरी अाेर ग्रामीण क्षेत्र के 16 एटीएम जहां बंद रहे, वहीं शहर के तीन एटीएम रहे।
इसमें शहर के स्टेट बैंक की मुख्य शाखा का एक एटीएम ,स्टेट बैंक की विकास भवन शाखा व कृषि शाखा का एटीएम शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम बंद रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग कैश के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। उपभोक्ता रवि कुमार, पवन कुमार आदि ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम न खुलने से काफी परेेशानी उठानी पड़ रही है। यदि एटीएम चालू हो जाए तो समस्या कम हो सकती है।