एक डिग्री कॉलेज की प्रबंधक ने नगर पंचायत मगहर के दो संविदा सफाई कर्मियों पर छेड़खानी का केस दर्ज कराया तो पुलिस ने दोनो आरोपियों को पकड़ कर कोतवाली उठा ले गई। इधर शनिवार को साथी पर हुई कार्रवाई की जानकारी होते ही नगर पंचायत के कर्मी हड़ताल पर चले गए। नगर में सफाई और वाटर सप्लाई की व्यवस्था लड़खड़ा गई तो लोगों को परेशानी उत्पन्न हो गई। चेयरमैन की अगुआई में समाधान दिवस में काफी लोग पहुंचे और जमीन के सीमा विवाद की वजह से फर्जी छेड़खानी का केस दर्ज कराने का आरोप मढ़ा। चेयरमैन ने जहां पैमाइश कराने की बात की, वहीं कर्मचारियों ने साथी की तरफ से दी गई तहरीर पर कार्रवाई की मांग की।
मेंहदावल विधान सभा क्षेत्र की पूर्व प्रत्याशी एवं शारदा देवी मेमोरियल डिग्री कॉलेज मगहर की प्रबंधक डॉ. गुंजन यादव का आरोप था कि वह 15 जुलाई की शाम को अपने महाविद्यालय पर एडमिशन के संबंध में गई थी। विद्यालय की जमीन पर खड़ी थी। इसी दौरान अशोक सिंह और शैलेंद्र जो चेयरमैन के साथी है, वहां पहुंच गए। दोनों लोग वहां से जल्द निकल जाने और गोली मार देने की धमकी दिए। गाली गलौज देते हुए उनके साथ छेड़खानी की। लोगों ने धमकी दिया है वे चेयरमैन के आदमी है और उनका अपहरण करके जिंदगी बर्बाद कर देंगे। अपशब्दों का प्रयोग करते हुए सामाजिक छवि बिगाड़ देने की भी धमकी दी। स्कूल प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने दोनों लोगों के खिलाफ छेड़खानी और जानमाल की धमकी का केस दर्ज करते हुए हिरासत में ले लिया। इधर पुलिस के जरिए नगरपंचायत मगहर के संविदाकर्मचारी अशोक सिंह और शैलेंद्र को छेड़खानी के केस में पकड़ कर कोतवाली ले जाने की सूचना पर कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। बाद में नगरपंचायत कर्मियों ने चेयरमैन की अगुआई में कोतवाली पहुंच कर घेराव किया। चेयरमैन ने सीओ और एसडीएम से मांग किया है स्कूल प्रबंधक के पास उनका भी आईटीआई कॉलेज निर्माणाधीन है। वहां तमाम काश्तकारों की जमीनें भी है। सीमा विवाद होने की वजह से पैमाइश कराना बेहद जरूरी है। इधर छेड़खानी के आरोपी शैलेंद्र कुमार ने भी पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि वह अपने एक साथी के साथ निर्माणाधीन आईटीआई कॉलेज पर टैंकर से पानी ले जा रहा था। रास्ते में ही स्कूल प्रबंधक गुंजन यादव ने उसके साथ बदसलूकी की। जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जानमाल की धमकी भी दी। कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से शनिवार को कसबे में साफ-सफाई,पेयजल व्यवस्था धवस्त रही। चर्चा है कि रास्ते व सीमा के विवाद को लेकर नगरपंचायत चेयरमैन अश्वनी गुप्त और शारदा देवी मेमोरियल डिग्रीकॉलेज की प्रबंधिका डॉक्टर गुंजन यादव के बीच पिछले एक महीने से विवाद चला आ रहा है। मुख्तार अहमद, फैजान मुस्तफा, गौरव गुप्त, श्रीप्रकाश, भोलू पासवान, अवधेश सिंह, पवन यादव, जे के गुप्ता, अबरार आलम, प्रदीप कन्नौजिया, लालचन्द यादव, अजय वर्मा, आलोक कुमार, दिनेश भारती, धर्मनाथ विश्वकर्मा आदि कर्मचारियों के समर्थन में कोतवाली पहुंचे थे। लोगों ने कहा कि विवाद की वजह से नगर के लोगों को समस्या उत्पन्न हो गई। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। किसी दबाव में पुलिस काम नहीं करेगी। कानून के साथ खिलवाड़ करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। कोतवाल के आश्वासन के बाद नगर के कर्मी काम पर लौट गए।