संतकबीरनगर। नकली खाद बेचे जाने पर साधन सहकारी समिति के सचिव पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा की तहरीर पर हुई। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने बताया कि छह नवंबर को साधन सहकारी समिति लिमिटेड जामडीह बघौली पर उपस्थित किसानों ने फोन कर बताया कि सचिव ने उन्हे नकली खाद दिया है। जिसके बाद सहायक आयुक्त निबंधक हरि प्रसाद, डॉक्टर बृजेश कुमार, जमाल अहमद, बृजेश श्रीवास्तव ने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंच कर जांच की। जिसमे डीएपी संदिग्ध पाई गई। इसके बाद किसानों से बातचीत किया गया। किसानों उपलब्ध कराई गई बोरी से डीएपी का नमूना लिया गया एवं समिति को सील कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सचिव घनश्याम श्रीवास्तव के जरिए डीएपी की बिक्री पीओएस मशीन से नहीं की गई एवं किसी प्रकार की रसीद नहीं दी गई थी। हाथ पर थोड़ा सा रगड़ने पर खाद राख हो जा रही थी, जो की नकली डीएपी की स्थिति में होता है। जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सचिव घनश्याम श्रीवास्तव पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। कोतवाल ब्रजेंद्र पटेल ने बताया कि जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर सचिव पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।