बेलहर। थाना क्षेत्र के बसहिया गांव में हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से महिला की मौत के मामले में पुलिस ने विद्युत निगम के जेई और लाइनमैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बसहिया निवासी दयाराम यादव की पत्नी करोड़ा देवी शनिवार को घर पर थीं। आरोप है कि गांव में नया ट्रांसफाॅर्मर लगाने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। आरोप है कि आपूर्ति शुरू करने से पहले लाइनमैन और जेई ने विद्युत लाइन व सुरक्षा मानकों की समुचित जांच नहीं की। बिजली आपूर्ति शुरू होते ही अचानक हाईवोल्टेज आने से करोड़ा देवी इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति दयाराम यादव ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों की लापरवाही तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
एसओ सर्वेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित जेई और लाइनमैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।