धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के खजुरिया खुर्द में रविवार को मामूली बात को लेकर कुछ लोगों ने ग्राम प्रधान सिराजुद्दीन को थप्पड़ जड़ दिया। इस मामले में प्रधान की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राम पंचायत तिघरा के प्रधान सिराजुद्दीन ने बताया कि वह ग्राम खजुरिया खुर्द से मुखलिसपुर सीवान के बीच रिंग बांध का मरम्मत कार्य करा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग पहुंचे। उनके साथ गाली-गलौज करते हुए तमाचा जड़ दिया। पुलिस प्रधान की तहरीर पर गांव के चंद्र प्रकाश, राजकुमार, राकेश एवं गुड्डी देवी के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसआई अमित कुशवाहा ने बताया कि प्रधान सिराजुद्दीन की तहरीर पर महिला समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
000
कार चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम चन्द्रौटी के पास शनिवार को कार की चपेट में आकर साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई थी। इस मामले में रविवार को मृतक की पत्नी ने कार चालक के खिलाफ दुर्घटना, गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। अतरौलिया उर्फ मठिया निवासी राजाराम तिवारी शनिवार को घर से साईकिल लेकर नाथनगर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान धनघटा की तरफ से तीव्र गति से आई कार ने साइकिल सवार को रौंद दिया था। उपचार के लिए गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में राजाराम तिवारी ने दम तोड़ दिया था। इस मामले में मृतक की पत्नी जमोत्रा देवी की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक सन्तोष कुमार निवासी मुंडेरवा राय थाना धनघटा के खिलाफ गैर इरातदन हत्या, दुर्घटना का नामजद मुकदमा दर्ज किया है। एसएसआई अमित कुशवाहा ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर कार चालक संतोष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
00
एक ही परिवार के चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र भिनखिनी खुर्द गांव निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देकर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ धारदार हथियार से मारने-पीटने, गाली व धमकी देने का आरोप लगाते हुए के दर्ज कराया है। महुली थाना क्षेत्र के भिनखिनी खुर्द गांव निवासी आशा देवी पत्नी जोगिंदर का आरोप है कि रविवार की सुबह भंडा गिरने की बात को लेकर उन्हें और उनके परिवार के लोगों को गांव की शांति देवी पत्नी दीनानाथ केवट, पुष्पा पुत्री दीनानाथ केवट, अंजलि पत्नी सचिन व सनी देओल पुत्र दीनानाथ भद्दी भद्दी गालियां देने लगे। गाली देने का विरोध करने पर पूरे परिवार को लाठी डंडा व धारदार हथियार से मारपीट कर बुरी तरह से घायल कर दिए। इस मारपीट में उनकी पुत्री मंतीरा, धीरज व लोरीक घायल हो गए। इस दौरान उपरोक्त लोग जान माल की धमकी भी देते रहे। इस संबंध में एसएसआई अमित कुशवाहा ने बताया कि भिनखिनी खुर्द गांव निवासी आशा देवी की तहरीर पर गांव के एक ही परिवार के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।