- औरही गांव में व्यंग के बाद महिला के जहर खाने व मौत का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र के औरही गांव में दो दिन पूर्व छींटाकसी तथा व्यंग से तंग आकर जहर खाने तथा इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में मौत के मामले में पिता की तहरीर पर जेठ जेठानी समेत चार के खिलाफ मेंहदावल पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में केस पंजीकृत किया है।
पुलिस के अनुसार औरही गांव निवासी मनी (26) पत्नी संदीप चौरसिया ने दो दिन पूर्व उस समय जहर खा लिया, जब उसके पड़ोसी जो रिश्ते में जेठ-जेठानी लगते हैं। उन्होंने उसके चरित्र को लेकर छींटाकसी करने के साथ ही व्यंग बोलने लगे। आए दिन उनके अमर्यादित व्यवहार से तंग आकर मनी ने जहर खा लिया। परिजन इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां स्थिति गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने महिला को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान 10 मई की शाम उसकी मौत हो गई। उक्त मामले में मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर दी थी। पिता सुखदेव पुत्र सुंदर निवासी अकोलहिया थाना गोलौरा जनपद सिद्धार्थ नगर की तहरीर पर पुलिस ने रामदीन, किसलावती, सरिता, तीजा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में केस पंजीकृत कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
एसओ मेंहदावल रामकृष्ण मिश्र का कहना है कि महिला के पिता की तहरीर पर जेठ-जेठानी समेत चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का अभियोग पंजीकृत करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है।