- न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया 26 लोगों पर जालसाजी का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के सिरसी गांव निवासी एक शख्स की कीमती जमीन को फर्जी दस्तावेज के सहारे गांव निवासी व्यक्ति ने अपने नाम से बैनामा करवा लिया। जानकारी हुई तो पीड़ित थाना और तहसील में फरियाद की। न्याय नहीं मिला तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 26 लोगों के विरुद्ध जालसाजी का केस दर्ज किया है।
सिरसी गांव निवासी रामानुज राय का आरोप है कि गांव निवासी कुछ लोग राम अचल की मौत होने के बाद उनके नाम की जमीन उनके स्थान पर दूसरे व्यक्ति को खड़ा करके उस व्यक्ति को राम अचल बताकर करीब तीन करोड़ की कीमती जमीन को अपने-अपने नाम बैनामा करा लिया। रामानुज का कहना है कि जानकारी हुई तो सभी साक्ष्य एकत्रित करके न्याय के लिए तहसील के अधिकारियों से मिला। उसके बाद थाने पर प्रार्थनापत्र देकर फर्जी बैनामा कराने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। लेकिन न तो थाने में कार्रवाई हुई और न ही तहसील में।
बताया कि मजबूर होकर न्यायालय की शरण में जाना पड़ा। इसके बाद न्यायालय ने इन लोगों पर केस दर्ज करने का आदेश दिया। एसओ धनघटा अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में दिनेश राय, रामसमुझ राय, शिवप्रसाद राय, महेंद्र, ज्ञानेंद्र समेत 26 लोगों के विरुद्ध जालसाजी का केस दर्ज कर मामले की जांच- पड़ताल की जा रही है। विवेचना के बाद जो तथ्य प्रकाश में आएगा, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।