पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अयूब समेत 100 पर मुकदमा
- प्रशासन की बिना अनुमति के पार्टी कार्यालय पर भीड़ जुटाकर आयोजित किया किसान, यादव सम्मेलन
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार की देर शाम पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मोहम्मद अयूब और राष्ट्रीय महासचिव के अलावा 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लघंन का केस दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक धौरहरा स्थित पीस पार्टी के कार्यालय पर प्रशासन की बिना अनुमति के राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगुआई में किसान, यादव सम्मेलन हुआ।
कोतवाल विजय नारायन प्रसाद ने बताया कि गोरखपुर - खलीलाबाद रोड़ पर धौरहरा स्थित पीस पार्टी के कार्यालय पर बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉक्टर मोहम्मद अयूब के जरिए विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटा कर बैठक करने की सूचना मिली। मौके पर पुलिस पहुंची, तो वहां बड़े हाल में 100 से अधिक लोग बैठे मिले। जबकि मंच पर तीन लोग मौजूद थे। पूछताछ में पता चला कि पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मोहम्मद अयूब की अध्यक्षता में किसान, यादव सम्मेलन और विधानसभा खलीलाबद की गोष्ठी आहूत की गई है। एक वाहन पर पीस पार्टी का झंडा लगा मिला। जबकि समस्त कार्यकर्ताओं का नाश्ता, पानी और भोजन चल रहा था।
पीस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राशिद उमर से पूछा गया तो बताया कि प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई है। यह आगामी विधान सभा चुनाव के दृष्टिगत छोटी गोष्ठी आहूत की गई है। जिले में धारा 144 लागू है। पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनाव आचार संहिता का उल्लघंन किया। कोतवाल ने बताया कि पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मोहम्मद अयूब, राष्ट्रीय महासचिव राशिद उमर निवासी नुरूद्दीनपुर थाना कोतवाली गाजीपुर,जिला गाजीपुर,उक्त वाहन का चालक और 100 लोग अन्य नाम पता अज्ञात के खिलाफ चुनाव अचार संहिता के उल्लघंन का केस दर्ज किया गया।