धनघटा थाना क्षेत्र नावन कला के पास 17 नवंबर को मुर्गा कारोबारी के साथ हुई थी घटना
कारोबारी की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों पर दर्ज हुआ लूट का केस
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। थाना धनघटा क्षेत्र स्थित नावन कला गांव के पास 17 नवंबर को मुर्गा कारोबारी के साथ हुई लूट की घटना में पुलिस ने लगभग डेढ़ माह बाद केस दर्ज किया है। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
धनघटा थाना क्षेत्र के रूपिन गांव निवासी राजू ने शिकायत पत्र के जरिए पुलिस को बताया कि 17 नवंबर की रात में आठ व नौ बजे के बीच में वह दीपपुर में स्थित मुर्गी फार्म पर सोने जा रहे थे। रूपिन व दीपपुर के बीच में नावन कला गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर गिरा दिया गया। विपक्षी ने फोन करके अपने भाई व साथियों को बुलाया। इसके बाद कुछ लोग ऑटो से घटनास्थल पर आकर गाली देते हुए मारने-पीटने लगे। आरोपियों ने उनके गले से सोने की माला और लाॅकेट छीन लिया। घटना के समय वहां पर भीड़ जुट गई। इसी दौरान यूपी 112 की गाड़ी भी उमरिया की तरफ से आ गई। पुलिस ने घटनास्थल का वीडियो बनाया। पुलिस के सामने ही विपक्षी और उसका भाई मारपीट करते हुए वहां से भाग गए। अगले दिन पुलिस ने उनके ऊपर पाबंदी की कार्रवाई करते हुए उनका चालान कर दिया।
एसओ अनिल कुमार ने बताया कि घटना उनके समय की नहीं है। मामला संज्ञान में आने के बाद आरोपी समीर, सुहेल पुत्र सफीक खान, खालिद पुत्र सगीर और मेहताब पुत्र आलम निवासी अज्ञात के विरुद्ध तहरीर के आधार पर लूट, मारपीट, धमकी के मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।