धनघटा। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना के निदेशक की तहरीर पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने कालिका प्रसाद ब्रह्महर्षि विद्या मंदिर नगर पंचायत हरिहरपुर के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और संबंधित फर्म के खिलाफ सरकारी धन के गबन का केस दर्ज किया है।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक प्रभात कुमार द्विवेदी ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया है कि सांसद निधि से ब्रह्महर्षि विद्या मंदिर हरिहरपुर को 9.5 लाख रुपये प्राप्त हुए थे।
इस रुपये को ब्रह्मर्षि विद्या मंदिर के प्रबंधक परमात्मा प्रसाद पाण्डेय, प्रधानाचार्य विजय शुक्ला और फर्म मेसर्स कौशिल्या कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर ने शासकीय धनराशि का गबन किया था।
इस तहरीर के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एसओ रजनीश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर कालिका प्रसाद ब्रह्महर्षि विद्या मंदिर हरिहरपुर के प्रबंधक परमात्मा प्रसाद पाण्डेय निवासी हरिहरपुर, प्रधानाचार्य विजय शुक्ला, फर्म मेसर्स कौशिल्या कंस्ट्रक्शन के प्रोपराइटर व स्वामी नाम पता अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।