मेंहदावल। थाना क्षेत्र के बढ़या गांव में तहसील प्रशासन के द्वारा किए गए पत्थर नसब को दबंगों ने तीन माह पूर्व उखाड़ लिया। शिकायतकर्ता ने समाधान दिवस से लेकर अधिकारियों के पास मामले की शिकायत की। अब मेंहदावल पुलिस ने इस मामले में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर में चतुर्भुज मिश्र पुत्र रामपाल मिश्र निवासी झुड़ियां खाना बेलहर कला ने बताया कि उसने ग्राम बढ़या थाना मेंहदावल में गाटा नंबर 154 पर पत्थर नसब गत जून माह में कराया था। 20 जुलाई को वह निगरानी के लिए शाम को मौके पर पहुंचा तो छेदी सहित अन्य लोग पत्थर को उखाड़ कर ले जा रहे थे। हमने उन्हें मना किया तो लोगों ने गाली गुप्ता देते हुए उन्हें दौड़ा लिया। किसी तरह वह जान बचाकर मौके से भाग निकले।
उन्होंने जुलाई माह में समाधान दिवस में इसकी शिकायत की। तहसील प्रशासन के द्वारा पूरे मामले की जांच कराई गई।
जांच आख्या आने के बाद कैलाश पुत्र छेदी, छेदी पुत्र राम प्रसाद, दिनेश पुत्र रामसुंदर, ओमप्रकाश पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम बढ़या के खिलाफ धमकी व संपत्ति का नुकसान की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में साक्ष्य संकलन के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।