बखिरा। पुलिस ने बखिरा मेंहदावल मुख्य मार्ग को जाम करने के मामले में दस नामजद एवं 60 अज्ञात आरोपी पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार छह जून की रात सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक हामिद निवासी हरदी की मौत होने से आक्रोशित भीड़ ने बांस, बल्ली और चौकी रखकर सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस फोर्स ने पहुंचकर देखा कि कुछ लोग मुख्य मार्ग को जाम किए हैं। लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया गया। इसके बाद भी लोग अभियुक्त की गिरफ्तारी होने तक जाम नहीं हटाने की मांग पर अड़े रहे। मार्ग खाली करने के लिए समझाने पर उग्र होकर नारेबाजी करने के साथ ही भीड़ पुलिस पर हमलावर होने लगी। भीड़ ने मुख्य मार्ग को डेढ़ घंटे तक अवरुद्ध रखा।
चौकी इंचार्ज सुरेन्द्र कुमार सिंह की शिकायत पर साबिर निवासी हटवा, जयप्रताप सिंह निवासी जगदीशपुर, वाजिद अली, महमूद रजा, मो. आसिफ, असगर अली, मो. इसराइल, मुख्तार, मो. सद्दाम, इश्तियाक निवासीगण हरदी व 50-60 अज्ञात पर केस दर्ज किया है।