संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मगहर कस्बा में एक परिवार सावन में जलाभिषेक के लिए बाहर गया हुआ था। चोरों ने उनके घर से नकदी व जेवरात चोरी कर ली थी। दो अगस्त को परिवार वापस लौटा तो चोरी के घटना की जानकारी हुई। मामले की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। तहरीर मिलने पर पुलिस ने आठ दिन बाद मामले में दो आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मगहर कस्बा के मुहल्ला दीनदयाल नगर काजीपुर निवासी निर्मला देवी ने अपने शिकायत पत्र के माध्यम से बताया कि वह पूरे परिवार के साथ बाबाधाम तीर्थ यात्रा पर गई हुई थी। घर पर बाहर से गेट पर और अंदर चैनल पर ताला बंद था। दो अगस्त को जब परिवार समेत घर आए तो देखा कि घर के अंदर बालकनी के रास्ते घुसकर चैनल गेट का ताला तोड़कर घर में घुसकर बाॅक्स का ताला तोड़कर चोरी की घटना हुई थी। अज्ञात चोर बाॅक्स में रखा दो सोने का चैन, एक झुमका सोने का तीन तल्ला, एक सेट सोने का सुई धागा एवं अन्य सोने चांदी के जेवरात चोरी करके उठा ले गए थे।
मगहर चौकी पर सूचना देने के बाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अजय को पकड़कर ले आई। अजय ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह लोकेशन दिया था। धर्मवीर निवासी काजीपुर मेन चौराहा ने चोरी किया। लोकेशन देने के एवज में उसे 3,500 रुपये मिला था। पुलिस ने अजय से पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया। इसके बाद भी माल बरामद नहीं हो सका। कोतवाल ने बताया कि मामले में केस दर्जकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।