बर्खास्त शिक्षिका के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज
जांच में फर्जी मिला था शिक्षिका का शैक्षणिक प्रमाण पत्र
बीएसए ने शिक्षिका को कर दिया था बर्खास्त
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। मंगलवार को धनघटा पुलिस ने विकास खंड पौली के कंपोजिट विद्यालय खेवसिया पर कार्यरत शिक्षिका के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया। पुलिस ने यह कार्रवाई खंड शिक्षाधिकारी की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर की।
खंड शिक्षाधिकारी बंशीधर का आरोप है कि कंपोजिट विद्यालय खेवसिया पर कुसौरा जिला बस्ती निवासी कुसुम राय बतौर शिक्षिका कार्यरत थी। वह कई माह से विद्यालय नहीं आ रही थी। 20 अक्तूबर 2020 को प्रदेश के 76 शिक्षकों की सूची भेजकर उनके शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच का आदेश दिया गया था। जिसमें कुसुम राय का भी नाम शामिल था। जांच के दौरान उनका शैक्षिक प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। कूटरचित अभिलेख पर नौकरी करने के आरोप में कुसुम राय को बीएसए ने निलंबित कर दिया था। उसके बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया।
एसओ रोहित प्रसाद ने बताया कि बीईओ बंशीधर की तहरीर के आधार पर शिक्षिका कुसुम राय के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया गया। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।