कोर्ट के आदेश पर महिला समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
सूद की रकम के लेनदेने में युवक को पीटने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के पियारेपुर गांव में सूद पर दिए रकम लेने के लिए फरवरी में कुछ लोग घर में घुस कर युवक की पिटाई किए। बचाव में पहुंची भाभी के साथ दुर्व्यवहार किया और मंगलसूत्र लूट ले गए। जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। पुलिस ने फरियाद अनसुनी की तो मजबूरन पीड़ित ने कोर्ट की शरण लिया। अब कोर्ट के आदेश पर सोमवार को पुलिस ने महिला समेत तीन के खिलाफ घर में घुसकर मारने-पीटने, लूट करने और एससी/एसटी एक्ट का केस दर्ज किया।
महुली क्षेत्र के पियारेपुर गांव निवासी कृष्ण चंद भारती पुत्र फागूराम भारती का आरोप है कि सूद पर दिए गए रुपये लेने के लिए उनके घर पर धनघटा क्षेत्र के प्रजापतिपुर गांव निवासी दीपू उर्फ दीपक, राहुल और आरती देवी चढ़ आई। आरोप है कि लोग उसे जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किए। विरोध करने पर घर में घुसकर लात, मुक्का और थप्पड़ से मारे पीटे। उन्हें बचाने आई भाभी राधिका के साथ दुर्व्यवहार किया और सोने का मंगल सूत्र छीन लिए।
इस मामले में पुलिस को तहरीर दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एसपी को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायती पत्र भेजा, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया है।
एसओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पियारेपुर गांव निवासी कृष्ण चंद भारती की तहरीर पर धनघटा क्षेत्र के प्रजापतिपुर गांव निवासी दीपू उर्फ दीपक, राहुल और आरती देवी के खिलाफ घर में घुसकर मारने-पीटने, लूट और जानमाल की धमकी व एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा,आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।