सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति को कैशबैक का झांसा देकर हैकर ने उसके खाते से 7,500 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने इस मामले में कार्रवाई के लिए बृहस्पतिवार को दुधारा पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। दुधारा थाना क्षेत्र के पीठिया गांव निवासी नंद लाल गौड़ ने बृहस्पतिवार को एसएचओ दुधारा को एक शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उनके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल करके कहा कि उनके यूपीआई अकाउंट में कैशबैक आया है। धनराशि प्राप्त करने के लिए आप नोटिफिकेशन में एक्सेप्ट ऑप्शन को दबाएं। नंदलाल ने बताया कि जैसे ही एक्सेप्ट विकल्प दबाया मेरे खाते से बैलेंस कटने का मैसेज आ गया। उन्होंने बताया कि यूपीआई से जो रिसिप्ट प्राप्त हुई है उसके अनुसार कटी हुई धनराशि पश्चिम बंगाल में एक निजी बैंक के एक अकाउंट में गई है। एसएचओ दुधारा श्री प्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।