संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने छह नामजद एवं 20 अज्ञात पर एससी-एसटी समेत अन्य धाराओं में केस पंजीकृत किया है।
शुभम पुत्र दिनेश कुमार निवासी मोहल्ला पुरानी तहसील (धोबी टोला) ने बताया कि वह मोहल्ले में मां दुर्गा की प्रतिमा बैठाए थे। जिसका विसर्जन 12 अक्तूबर की शाम शहर भ्रमण के बाद होना था। उनके भाई व मोहल्ले वालों के साथ विसर्जन के लिए जा रहे थे। मूर्ति के साथ जूनियर हाईस्कूल के पास करीब नौ बजे रात को पहुंचे।
वहां मौजूद मोहल्ले के रामाकान्त यादव, सदानन्द यादव पुत्रगण चन्द्रभान यादव, अमन यादव, अभिषेक यादव, चन्दन यादव, अखिलेश यादव निवासी पुरानी तहसील डीजे पर भोजपुरी गाना चलाने के लिए दबाव डाल रहे थे, उनके आपत्ति करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली दी। साथ ही डीजे की लाइट को आरोपी तोड़ने लगे। वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर वापस भेज दिया। इसके बाद आरोपी 15 से 20 अज्ञात लोगों के साथ आकर मारपीट की। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रार्थनापत्र के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।