रोसयाबाजार। उच्च न्यायालय के आदेश पर आपूर्ति निरीक्षक ने बुधवार को पौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत भोतहा में कोटे की दुकान की जांच की। इस दौरान आपूर्ति निरीक्षक ने वहां मौजूद कार्ड धारकों के बयान दर्ज किए। कार्ड धारकों ने घटतौली का आरोप लगाते हुए बयान दिया।
पौली क्षेत्र के ग्राम पंचायत भोतहा में एक वर्ष पूर्व गांव वालों की शिकायत पर कोटे की दुकान की जांच हुई थी। उसके बाद कोटे की दुकान का अनुबंध पत्र निलंबित कर दिया गया था। नए कोटेदार के रूप में योगेंद्र प्रसाद निषाद का चयन किया गया। वहीं, निलंबित होने पर दुकानदार रामकेवल ने जांच प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए उच्च न्यायालय में वाद दाखिल किया था।
मामले का संज्ञान लेते हुए न्यायालय ने जिला पूर्ति विभाग को जांच का आदेश दिया। आपूर्ति निरीक्षक सौरभ गोस्वामी ने मौके पर पहुंचकर कार्ड धारकों के बयान दर्ज किए। कार्ड धारकों ने पूर्व के कोटेदार के पर घटतौली और यूनिट कटौती का आरोप लगाया। जांच कर रहे आपूर्ति निरीक्षक सौरभ गोस्वामी ने बताया कि इस गांव में कुल 421 कार्ड धारक है। कार्ड धारकों का बयान दर्ज करने के साथ ही जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारी को सौंप दी जाएगी। इस दौरान प्रेमा, राममिलन,राम सुरेश,झिनकाऊ, सुदामा, सोनू,राम सेवक आदि मौजूद रहे।