- महुली क्षेत्र के विश्वनाथपुर के पास हुआ हादसा
- खलीलाबाद से किसी समारोह से वापस लौट रहे थे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा/संतकबीरनगर। रविवार की देर शाम महुली क्षेत्र के विश्वनाथपुर के पास कार की टक्कर से टेंपो अनियंत्रित हो गया और सड़क के किनारे पलट गया। टेंपो में 10 लोग सवार थे। जिसमें से एक की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। जहां से पांच की हालत गंभीर देख चिकित्सकाें ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चार का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक खलीलाबाद शहर के विधियानी में एक शादी समारोह में धनघटा के टाड़ा और महुली के महदेवा के लोग शामिल होने आए थे। देर शाम सभी लोग एक ही टेंपो में सवार होकर घर को लौट रहे थे। टेंपो अभी महुली क्षेत्र के विश्वनाथपुर से आगे पहुंचा ही था कि एक कार ने टेंपो में तेज गति से ठोकर मार दिया। जिससे टेंपो सड़क के किनारे जाकर पलट गया।
टेंपो में सवार लोहरैया निवासी जन्नतुल निशा 45 वर्ष पत्नी मोनू, महुली के महदेवा निवासी आशिफा खातून 45 वर्ष पत्नी आरिफ, टाडा निवासी फहरान अली 13 वर्ष पुत्र रमजान अली, महदेवा निवासी शबाना खातून 30 वर्ष पत्नी रियाज, महदेवा निवासी फहरान अली आठ वर्ष पुत्र सरफुद्दीन, महदेवा निवासी आमिना खातून 40 वर्ष, लोहरैया निवासी जीशान 16 वर्ष, महदेवा निवासी हसनैन आठ वर्ष और साफिया 15 वर्ष पुत्री सरफुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। जहां पर देखते ही चिकित्सकों ने साफिया पुत्री सरफुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। जबकि जन्नतुल निशा, आशिफा खातून, फहरान अली, शबाना खातून, फहरान अली की हालत गंभीर देख मेेडिकल कॉलेेज रेफर कर दिया। साफिया की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गया।