मृत्यु प्रमाण बनवाने सचिव के पास पहुंचा शख्स
साथी ने ऐसा प्रमाण पत्र बनवाने की सलाह देकर मनाया अप्रैल फूल
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। बृहस्पतिवार को एक शख्स ने अप्रैल फूल मनाने के लिए अपने दूसरे साथी को ऐसी सलाह दी कि वह चुनाव में पर्चा खरीदने से पहले सचिव के पास अपना मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने चला गया। जब लोग मृत्यु प्रमाण बनवाने का उद्देश्य जानना चाहे तो उसने साथी के जरिए दिए गए सलाह की चर्चा की। इसे सुनकर वहां मौजूद लोग ठहाका लगाने को विवश हो गए। दोनों साथियों के बीच हुए बातचीत का आडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एक शख्स ने अपने साथी से जब जानना चाहा कि प्रधानी के चुनाव में कौन-कौन कागजात लगेंगे तो वह उसे सलाह देते हुए बताया कि विधवा पेंशन फार्म, मृत्यु प्रमाणपत्र और खेत के कागजात लेकर पर्चा खरीदने जाए। इससे आसानी से पर्चा दाखिल हो जाएगा और कोई परेशानी नहीं होगी। इतना ही नहीं मृत्यु प्रमाण के लिए सचिव को रिश्वत देने की सलाह दी। उसके बाद शख्स विकास खंड हैंसर बाजार में सचिव के पास पहुंच गया। जब उसने अपना मृत्यु प्रमाणपत्र सचिव से बनाने के लिए कहा तो सचिव भौचक रह गया। उससे बनवाने का कारण पूछा तो वह कहा कि प्रधानी चुनाव लड़ना है। इसे पर्चे के साथ जमा करना है। इतना सुनते ही सचिव और उसके पास बैठे लोग हंसने लगे और उसे कौन-कौन पेपर लगेगा की जानकारी दी। दोनों मित्रों की बातचीत का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वायरल आडियो की खूब चर्चा रही।