बगहिया के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर टीबी के मरीजो को खोजने के लिए टीम को रवाना करते सीएमओ
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगहिया में सीएमओ डॉ. अभय चंद श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान उन्होंने टीम को रवाना किया और कांशीराम आवास में लोगों को पैंफ्लेट बांटे गए।
सीएमओ ने कहा कि टीबी मरीजों को ढूंढकर दवा खिलाने का अभियान शुरू हो चुका है। 10 मार्च तक चलने वाले अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें हर परिवार में पहुंचेंगी और टीबी रोग के पांच लक्षणों के संबंध में प्रश्न करेंगी। शंका होने पर रोगी के बलगम के नमूने की जांच होगी और इलाज शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में दो लाख लोगों तक टीमें जाएंगी। इसके तहत जिले में कुल 80 टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन सदस्य होंगे। इसमें एएनएम, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता शामिल होंगी। एक टीम को प्रतिदिन 50 परिवारों में जाना है।
नगरीय स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में सीएमओ ने कमियों को सुधारने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एसडी ओझा, डॉ. आलोक सिन्हा, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी, मनीष मिश्रा, सुनील त्रिपाठी, बाबूराम, सुष्मिता पांडेय, संजीव चौरसिया, मनोज, कविता पाइक आदि मौजूद रहे।