संतकबीरनगर। भाजयुमो उपाध्यक्ष समेत दो लोगों से फोन पर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले ने खुद को डीएम बताया और उसकी डीपी पर यूपी पुलिस का लोगो लगा था। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
महुली क्षेत्र के विश्वनाथपुर गांव निवासी भाजयुमो उपाध्यक्ष अष्टभुजा उर्फ भोला अग्रहरी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 20 दिसंबर को रात 08:30 बजे उनके मोबाइल पर फोन आया। ट्रूकाॅलर में देखने पर डीएम संतकबीरनगर लिखा था और डीपी पर यूपी पुलिस का लोगो था। फोन करने वाले ने खुद को डीएम बताया और गाली देते हुए दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी। न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
इससे पहले भाजयुमो उपाध्यक्ष के करीबी दुर्गेश शुक्ला निवासी रामपुर मसौना को भी फोन करके दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। न देने पर एक सप्ताह में जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए छानबीन की जा रही है।