संतकबीरनगर। अगर आप कोल्ड ड्रिंक्स पीने के शौकीन हैं तो इसे खरीदने से पहले उस पर एक्सपायरी डेट जरूर देख लें। ऐसा न करने से आप खुद को बीमार बनाने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। गोरखपुर एक्सपायर हो चुकी कोल्ड ड्रिंक्स की तीन हजार बोतलें पकड़ी गईं हैं। वहीं आशंका है कि गोरखपुर के अलावा आसपास के जिलों में भी इनकी सप्लाई की गई है। ऐसे में यहां भी एक्सपायर हो चुकी कोल्ड ड्रिंक्स आने की आशंका बढ़ गई है।
गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। धूप में राहत पाने के लिए लोग विभिन्न कंपनियों के कोल्ड ड्रिंक्स का इस्तेमाल करते हैं। बाजार में भी बड़ी संख्या में कंपनियों ने अपने उत्पाद उतार दिए हैं। इनमें कुछ ब्रांडेड हैं तो वहीं कुछ लोकल उत्पाद भी शामिल हैं। इन सबके बीच पिछले साल से डंप पड़े माल को कुछ धंधेबाज खपाने के चक्कर में जुट गए है। गोरखपुर में अभी एक्सपायर हो चुकी कोल्ड ड्रिंक्स बरामद हुई है, जिसमें धंधेबाजों ने एक्सपायरी डेट बदल कर इसे बेचना शुरू कर दिया था। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में मामला सामने आने के बाद अब इसका व्यापार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
गोरखपुर से भी कोल्ड ड्रिंक्स की जिले में भी सप्लाई आती है। जिले में कोल्ड ड्रिंक्स की प्रतिदिन चार से पांच ट्रक की खपत है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी होगा। कोल्ड ड्रिंक्स देखकर ही खरीदे। उस पर लिखी एक्सपायरी डेट को जरूर देख लें, अगर किसी बोतल पर एक्सपायरी डेट नहीं है तो उसे न खरीदें।
000000000000
खराब कोल्ड ड्रिंक्स पीने से हो सकती है फूड प्वाइजनिंग
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रमाशंकर ने बताया कि अगर कोई कोल्ड ड्रिंक तीन-चार महीने पहले एक्सपायर हो चुकी हो तो उसमें फंगस या अन्य कीटाणु पैदा हो सकते हैं। इसको पीने से लोगों को फूड पॉयजनिंग हो सकती है। कई मामलों में फूड पॉयजनिंग जानलेवा भी होती है, इसीलिए हर खाने-पीने की चीजों की एक्सपायरी डेट निश्चित होती है।
0000000000000
एक्सपायर हो चुकी कोल्ड ड्रिंक्स जहां भी बेची जा रही है, इसके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए औचक छापेमारी होगी। जो भी दुकानदार इसमें संलिप्त पाया जाएगा उनपर कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश कुमार, सहायक आयुक्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन