मौसम की झेलनी पड़ रही मार, बारिश होने पर सड़क पर हो जाता है कीचड़
ग्राहकाें के लिए छाजन की भी व्यवस्था नहीं
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय स्थित बरदहिया बाजार में दो दिन शनिवार और रविवार को कपड़ा मंडी लगती है। यहां करोड़ों का कारोबार होता है। इस मंडी दूर-दूर से आने वाले व्यापारियों के लिए अब तक कोई सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है। जमीन पर खुले में चौकी लगाकर व्यापारियों को कपड़ा बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
रविवार को सुबह अचानक हुई बारिश में व्यापारियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि सड़क पर कीचड़ फैल गया, जिससे सर्विसलेन की तरफ के दुकानदारों को अपनी दुकानें बंद करने पर मजबूर होना पड़ा।
बरदहिया बाजार में पेयजल, शौचालय से लेकर विश्रामालय तक लिए भी कोई प्रबंध नहीं है। बरसात में कपड़े जहां भीग जाते हैं, वहीं गर्मी में खुले आसमान के नीचे व्यापारी गर्मी झेलने को विवश रहते हैं। यह स्थिति तब है जब खलीलाबाद के बरदहिया बाजार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, कानपुर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, कुशीनगर, नेपाल तक दुकानदार सप्ताह में दो दिन कपड़े की दुकानें लगाते हैं। यहां लोग थोक में कपड़ा खरीदते हैं और स्थानीय बाजारों में बेचते हैं।
इसके साथ ही जिले के विभिन्न बाजारों से भी लोग कपड़े की खरीदारी के लिए आते हैं, लेकिन यहां न तो दुकानदारों के बैठने की समुचित व्यवस्था है और न ही पीने के पानी का ही इंतजाम है। एक शौचालय बना है, लेकिन वह भी भेली मंडी में है। बाजार के दिन मुख्य मार्ग तक दुकानें लगने से जाम की भी समस्या उत्पन्न होती है।
00000000000000000000
बारिश होने से सड़क पर कीचड़, बंद करनी पड़ीं दुकानें
बरदहिया बाजार में शनिवार को दुकानें सज गई थीं, लेकिन रविवार की सुबह बारिश होने के चलते सर्विसलेन की तरफ सड़क पर कीचड़ हो गया। ऐसे में मजबूरी में दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं। हालांकि मुख्य मार्ग की तरफ दुकानें लगी रहीं। जहां लोगों ने खरीदारी की।
00000000000000000000000
बरदहिया बाजार में सुविधाओं का अभाव है। गर्मी में जहां परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं बारिश होने पर कपड़ा भीग जाता है। स्वच्छ पेयजल तक के लिए कोई व्यवस्था नहीं है।
-दिनेश कुमार, व्यापारी
00000000000
बरदहिया बाजार पूर्वांचल की सबसे बड़ी कपड़ा मंडी है, लेकिन यहां सुविधाओं के नाम पर कुछ भी नहीं है। चौकी पर दुकान लगाने की मजबूरी है। साथ ही मौसम की मार झेलनी पड़ रही है।
-सुरज कुमार, व्यापारी
00000000000
बरदहिया बाजार का अधिकतर हिस्सा निजी जमीन में हैं। सड़क की दोनों पटरियों पर भी दुकानें लगती हैं। लोगों की सुविधा के लिए पास में ही शौचालय बनवाया गया है। इसके साथ ही पानी की व्यवस्था की गई है।
-जगत जायसवाल, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद, खलीलाबाद