मेंहदावल बाईपास पर रोडवेज बस में बैठने के लिए लगी यात्रियो की भीड़।
संतकबीरनगर। परिवहन निगम की अधिकांश बसें जाम में फंस गई हैं अथवा उन्हें यात्रियों को लाने के लिए प्रयागराज के लिए भेज दिया गया है। इसके चलते दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों को आने जाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। समय से बस न मिलने के वजह से काफी देर तक बसों के आने का इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा समस्या अयोध्या की तरफ जाने वाले यात्रियों को हो रही है।
अयोध्या में लगा जाम यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। प्रयागराज से आने वाले ज्यादातर श्रद्धालु वहां से सीधे अयोध्या रामलला के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। जिसके वजह से जाम की स्थिति बन गई है। जिम्मेदारों की मानें तो बाराबंकी से ही वाहन अयोध्या नहीं पहुंच पा रहे हैं उनको मोड़कर गोंडा सिद्धार्थनगर की तरफ भेजा रहा है। वहीं गोरखपुर से लखनऊ की तरफ जाने वाले वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से भेजा जा रहा है। इसके वजह से अयोध्या की तरफ जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के मेंहदावल बाईपास पर यात्री पहुंचकर काफी लंबे समय तक सवारी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। परिवहन निगम की बस न मिलने के वजह से उनको प्राइवेट वाहनों का सफर के लिए सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं परिवहन निगम की ज्यादातर बसों को प्रयागराज श्रद्धालुओं को लाने के लिए भेज दिया गया है। जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।