संतकबीरनगर। जनपद मुख्यालय के मीरगंज में रोडवेज बस डिपो व कार्यशाला के निर्माण में तेजी आ गई है। परिसर में जहां पांच दुकानें बनकर तैयार हो गई हैं वहीं मुख्य भवन के लिए पिलर का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंत तक निर्माण कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है। बस डिपो बनने से लोगों को काफी राहत मिलेगी और सफर आसान हो जाएगा।
खलीलाबाद- बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीरगंज में बस डिपो और कार्यशाला की शासन ने मंजूरी प्रदान की है। इसके साथ ही 15 करोड़ 80 लाख का बजट उपलब्ध कराया है। बजट मिलने के बाद कुछ आपत्तियों के चलते निर्माण कार्य में देरी हुई और नए सिरे से सीमांकन किया गया। इसके बाद निर्माण कार्य में तेजी देखने को मिल रही है।
परिसर में पांच दुकानों का निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया गया है। इससे लोगों को जरूरी सामान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वजह यह है कि आसपास किसी प्रकार की दुकान नहीं है। वर्तमान में मुख्य भवन के लिए पिलर का कार्य कराया जा रहा है।
जनपद का सृजन 1997 में हुआ, तभी से जनपद मुख्यालय पर बस डिपो की मांग उठती रही है। कई बार जमीन देखी गई, लेकिन किसी कारण से इसकी मंजूरी नहीं मिली। बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मीरगंज में जमीन चिह्नित की गई और प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया, जिसकी मंजूरी मिलने के साथ ही बजट उपलब्ध कराया गया है। जहां निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
-
कोट,
मीरगंज में रोडवेज बस डिपो का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंत तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।
-कल्पना श्रीवास्तव, एआरएम, बस्ती
00000000000000000000
मेंहदावल बाईपास पर खुले में करना पड़ रहा बसों का इंतजार
मीरगंज में परिवहन निगम का बस डिपो व कार्यशाला का निर्माण शुरू हो गया है, लेकिन अभी निर्माण कार्य पूर्ण होने में देरी है। ऐसे में यात्रियों को मेंहदावल बाईपास के अस्थायी बस स्टॉप सेंटर पर खुले आसमान तले बसों का इंतजार करना पड़ता है। यहां न तो यात्री शेड है और न ही बैठने की व्यवस्था। इसके कारण यात्रियों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। इस क्षेत्र के निवासी अरविंद कुमार, धर्मेंद्र आदि ने बताया कि अस्थायी बस स्टॉप पर कोई सुविधा नहीं है। मीरगंज में बस डिपो बनने से उम्मीद जगी है कि इससे लोगों को राहत मिलेगी।
0000000000000000000
मुखलिसपुर बस स्टेशन का निर्माण नवंबर में पूरा होने की उम्मीद
जिले के मुखलिसपुर में भी बस स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य में भी तेजी आ गई है। पिछले दिनों प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने यहां चल रहे कार्य का निरीक्षण किया था और कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए थे। बताया जा रहा है कि इस बस स्टेशन के निर्माण का कार्य नवंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां से बसों का ठहराव होगा और लोग आसानी से बस पकड़कर अपने गंतव्य को जा सकेंगे।