डीघा बाईपास पर बस और ट्रक में टक्कर,
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के डीघा बाइपास स्थित नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक रोडवेज बस और ट्रक की टक्कर हो गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस के पीछे खड़की की तरफ का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित हैं।
घटना के बाद बस चालक और ट्रक चालक के बीच सड़क पर ही तीखी बहस शुरू हो गई, जिससे हाईवे और सर्विसलेन पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। जानकारी के अनुसार अयोध्या से गोरखपुर जा रही सरकारी बस शुक्रवार सुबह खलीलाबाद के डीघा बाईपास स्थित सर्विसलेन से नेशनल हाईवे पर चढ़ रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक से बस की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बस का शीशा टूट गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बस में सवार यात्री सोनू तिवारी, रिजवान अहमद, नौशाद आलम, दीपक, अनुराग और नितेश सिंह ने बताया कि हादसा अचानक हुआ। गनीमत रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई। घटना के बाद दोनों वाहनों के चालक सड़क पर उतरकर बहस करने लगे।
सूचना मिलने पर यातायात प्रभारी परमहंस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। सड़क से जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।