- केस दर्ज कराने के लिए पुलिस का चक्कर लगा रहा पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के मकदूमपुर गांव निवासी एक शख्स व उसकी पत्नी तथा बेटे को गांव निवासी दबंग ने एक सप्ताह पहले मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कराने के लिए पीड़ित एक सप्ताह से थाने का चक्कर लगा रहा है। लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।
मकदूमपुर गांव निवासी इंद्रेश कुमार पुत्र मचल का आरोप है कि 25 मार्च को 3:30 बजे बच्चों के विवाद को लेकर गांव निवासी दबंग किस्म के लोग गोल बंद होकर लाठी, डंडा व धारदार हथियार के साथ घर पर चढ़ गए। इंद्रेश कुमार को मारने-पीटने लगे, तो वह जान बचाने के लिए घर में भाग गए। विपक्षी घर में घुसकर उनकी पत्नी सुनीता देवी और पुत्र विवेक को पीटना शुरू कर दिया और अधमरा करके घर में छोड़कर भाग निकले। पीड़ित का कहना है कि घटना के दिन ही विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी। दोनों पक्षों के दो-दो लोगों का शांति भंग की आशंका में चालान करने के बाद पुलिस ने अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर ली।
पीड़ित इंद्रेश का आरोप है कि जिस तरह की चोट आई है, उसमें गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जाना चाहिए, लेकिन पुलिस मामले का अल्पीकरण करके आरोपियों को बचा रही है। सीओ अजय सिंह का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई की गई है। आरोप बेबुनियाद है। फिर भी जांच की जा रही है।