संतकबीरनगर। नौरंगिया चौराहे पर चुनावी रंजिश को लेकर एक जिला पंचायत प्रत्याशी और उसके समर्थक की पिटाई के मामले में पांच दिन बाद केस दर्ज हुआ है। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर 10 नामजद व 60 के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि गोरयाभार निवासी देवेश चौधरी पुत्र राम उजागिर चौधरी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी हैं। देवेश का कहना है कि उनके पड़ोसी गंगा देवरिया गांव के रजत सिंह भी प्रत्याशी हैं। उन्होंने डमी उम्मीदवार के रूप में कोनी निवासी में अजय चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। अजय फोन करके उनको चुनाव न लड़ने की धमकी दे रहे हैं।
तीन जनवरी को दिन में 12:40 बजे वह गांव के गोविंद के साथ खलीलाबाद आ रहे थे। दोपहर एक बजे के करीब वह नौरंगिया चौराहे पर पहुंचे। वहां पर अजय चौधरी, रजत सिंह निवासी ग्राम कोनी, रतन सिंह, आशुतोष शाही, शिवम देव गुप्ता, शिवम सिंह, शुभम सिंह, अमित कश्यप व गंगा देवरिया के राज सिंह आदित्य आदि डंडा लेकर बैठे थे और इनके साथ करीब 50 लोग थे।
वह और उनके साथी गोविंद जैसे ही चौराहे पर पहुंचे तो वह लोग उन्हें और गोविंद को पकड़ लिए और लात-मुक्का से मारने लगे। गोविंद का गला दबाकर जान से मारने की धमकी देने लगे। इस दौरान भीड़ जुट गई और उन दोनों लोगों को बचाया।ी