संतकबीरनगर। बीएसए कार्यालय मंगलवार को लगातार तीसरे दिन भी सील रहा। कार्यालय में ताला लगा देख कर्मचारी दिनभर चाय की दुकानों पर गपशप करते रहे। दरअसल, बीएसए माया सिंह का तबादला हो चुका हैं, लेकिन वह दफ्तर में जमीं हुई हैं। इन सबके बीच गड़बड़ी की आशंका के मद्देनजर डीएम ने कार्यालय सील करा दिया है। रविवार से ही कार्यालय पर ताला लगा हुआ है।
डीएम को रविवार को बीएसए के कार्यालय में काम करने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने सीडीओ हाकिम सिंह व अन्य अधिकारियों ने बीएसए कार्यालय सील करने का निर्देश दिया। सोमवार को जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो वहां ताला जड़ा देख अवाक रह गए। वे बाहर चाय की दुकान पर बैठ कर कार्यालय खुलने का इंतजार करने लगे, लेकिन ताला नहीं खुला और कर्मचारी दिनभर बाहर टहलते रहे। मंगलवार को भी यही हाल रहा।
सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया कि बीएसए माया सिंह का 31 मई को ही स्थानांतरण हो गया था। लेकिन वह इसके बाद भी कार्यालय में काम कर रही हैं, जबकि उन्हें शनिवार को ही रिलीव कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों के जरिए बीएसए कार्यालय में फाइलों में गड़बड़ी करने की सूचना मिली थी। इसके मद्देनजर ही रविवार को कार्यालय सील किया गया। बीएसए को कड़ी चेतावनी दी गई कि तत्काल वह अपनी नई तैनाती वाली जगह पर कार्यभार ग्रहण करें। उन्होंने बताया कि नए बीएसए के आने तक कार्यालय सील रहेगा। कार्यालय खुलने पर फाइलों का मिलान किया जाएगा। फाइलें नहीं मिलीं तो संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।