मेंहदावल। थाना क्षेत्र में लूट का मामला सामने आया है। रजिस्ट्री कराकर लौट रहे दो भाइयों पर हमला कर 85 हजार रुपये लूट लिए गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक संदीप मीना से रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई है।
धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र के टोटहा गांव निवासी सुरेश चंद्र यादव ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बुधवार शाम करीब 4 बजे उनके भाई उमेश और अशोक बिसौआ चौराहा पुल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने लोहे रॉड और पंच से वार किया, जिससे उमेश की आंख और सिर पर और अशोक के कान और सिर पर गंभीर चोटें आईं। बदमाश उनसे 85,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से मौके पर दो बदमाशों को पकड़ लिया गया। इसके बाद उनको बिसौवा चौकी प्रभारी के माध्यम से थाने पर सौंप दिया गया। हालांकि, सुरेश चंद्र यादव का आरोप है कि मेंहदावल थाने पर उनका रिपोर्ट दर्ज नहीं किया जा रहा है। सुरेश ने आरोप लगाया कि पुलिस ने थाने से भगा दिया। वहीं, थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह मामला दो पक्षों के बीच मारपीट का है और रिपोर्ट दर्ज न करने के आरोप गलत हैं।