संतकबीरनगर। बिडहर घाट पुल से बुधवार को एक युवती ने घाघरा नदी में छलांग लगा दी। बहन को नदी में कूदते देख भाई ने शोर मचाया तो बिडहर घाट चौकी के पुलिस कर्मी पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल नाविकों की मदद से नदी में डूब रही युवती बाहर निकलवाया। और सीएचसी मलौली भेजवाई, जहां से उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
महुली क्षेत्र के एक गांव निवासी 22वर्षीय युवती के कान में करीब दो वर्षो से दर्द रहता था। कान का ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन वह ठीक नहीं हुई। बुधवार की सुबह युवती को बाइक से लेकर भाई इलाज के लिए आजमगढ़ ले जा रहा था। जब दोनों घाघरा नदी के बिडहर घाट पुल पर पहुंचे तो बहन ने पुल के बीचो-बीच भाई से बाइक को रोकवा कर बोली थोड़ा टहल लें। फिर चलते हैं। यह कहकर वह बाइक से उतरकर पुल पर टहलते-टहलते पुल की रेलिंग पर चढ़कर नदी में कूद गई। बहन को नदी में कूदता देख बदहवास हुआ भाई शोर मचाया। थोड़ी दूर पर मौजूद पुलिस चौकी पर तैनात इंचार्ज और पुलिसकर्मी नदी के किनारे पहुंच गए।
पुलिसकर्मी नाविकों के साथ जिस स्थान पर युवती डूब रही थी, वहां पहुंचकर युवती को बाहर निकलवाया। चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र यादव ने बताया कि युवती को इलाज के लिए सीएचसी मलौली भेजा गया, जहां उपचार के बाद उसे भाई के साथ घर भेज दिया गया। कान दर्द के कारण युवती आत्मघाती कदम उठाई थी।