बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर आरोपियों ने भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। बुधवार की शाम विजयदशमी पर लगे मेले में हमलावरों ने चाकू से युवक पर हमला कर दिया। युवक के गले और पेट में चोटे आई है। घटना के बाद मेले में अफरा- तफरी का माहौल कायम हो गया। घायल को लोग सीएचसी मलौली ले गए,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वैसे घटना के समय मेले में पुलिस भी मौजूद रही, लेकिन हमलावरों पर पुलिस का कोई खौफ नहीं दिखा।
क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवक का आरोप है कि उसकी बहन कक्षा 10वीं में पढ़ती है। बहन साइकिल से रोजाना विद्यालय आती जाती है। पिछले दिनों जब वह स्कूल जा रही थी तो बगल के गांव का रहने वाले युवक ने उसकी बहन को रोक कर छेड़खानी की। जबरन उसे अपना मोबाइल नंबर दिया। छात्रा ने यह बात आकर अपने घर के लोगों को बताई तो उसका भाई शिकायत करने चला गया।
इसके बाद आरोपी ने बुधवार को शाम बभनौली मेले में युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। चाकू उसके पेट और गले पर लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस समय यह घटना घटित हुई, उस समय चौकी इंचार्ज लोहरैया मेले में मौजूद थे।
युवक को चाकू मारने के बाद आरोपी भागने में सफल हो गए। एसओ केडी सिंह ने बताया कि इस मामले में दो नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध जानलेवा हमला करने के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।