धर्मसिंहवा। नगर पंचायत धर्मसिंहवा के वार्ड नंबर एक स्थित फुलवरिया के पास भारी बारिश के दौरान पेड़ गिरने से पथ प्रकाश के दो पोल टूट गए थे। घटना के 15 दिन बाद भी टूटे पोल सड़क किनारे पड़े हैं। मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द पोल ठीक कराकर पथ प्रकाश व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है।
स्थानीय निवासी संतोष, प्रकाश, राजेश और सुरेश आदि का कहना है कि बारिश के दौरान पेड़ गिरने से पथ प्रकाश के दो पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद भी इन्हें ठीक कराने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन सोशल मीडिया के माध्यम से विकास कार्यों की जानकारी साझा करता है, लेकिन सड़क किनारे पड़े क्षतिग्रस्त पोलों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सार्वजनिक सुविधाओं का नियमित रखरखाव और क्षतिग्रस्त उपकरणों की समय से मरम्मत कराना नगर पंचायत प्रशासन की जिम्मेदारी है। पोलों की मरम्मत में देरी से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों ने जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर दोनों पोलों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि आवागमन में परेशानी और संभावित दुर्घटना की आशंका से बचा जा सके।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी आशुतोष ओझा ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को पथ प्रकाश के पोल ठीक कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही दोनों पोलों को दुरुस्त करा दिया जाएगा।