कलक्ट्रेट में आयोजित बिजली विभाग की बैठक को संबोधित करते मेंहदावल विधायक अनिल तिवारी।
-विद्युत उपभोक्ता एवं जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान की हुई बैठक
- छह अगस्त तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विद्युत व्यवस्था में सुधार व उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में विद्युत उपभोक्ता एवं जनप्रतिनिधि संपर्क अभियान बैठक हुई। जिसमें ऊर्जा मंत्री के निर्देश के अनुपालन में छह अगस्त तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत निगम में विद्युत व्यवस्था के सृदृढ़ीकरण के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं में बारे में जन प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने बदहाल बिजली आपूर्ति व्यवस्था को लेकर मुद्दा उठाया गया। मुख्य अभियंता बस्ती क्षेत्र पीके सिंह ने कहा कि निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं उनकी अपेक्षाओं के अनुसार विद्युत कनेक्शन, जर्जर तारों को बदले जाने की कार्रवाई सहित विद्युत उपभोक्ताओं के विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान कराया जाएगा। बैठक में डीएम संदीप कुमार ने विभिन्न योजनाओं जिसमें आरडीएसएस एवं बिजनेस प्लान के अंतर्गत चल रहे विद्युत निर्माण एवं सृदृढ़ीकरण कार्यों के समय से संचालन एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया।
विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि भीषण गर्मी के चलते ओवरलोडिंग होने से बाधित आपूर्ति पर अंकुश करने के लिए आवश्यक कार्यों को दो माह में पूर्ण कराया जाए। बैठक में जन प्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र में विद्युत से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता डीके लाल, अधिशासी अभियंता रणधीर कुुमार, अधिशासी अभियंता मेंहदावल सरोज कुमार, अधिशासी अभियंता परीक्षण एके सिंह, एसडीओ के.एन. शुक्ला, निकायों के अध्यक्ष व अन्य उपस्थित रहे।