मड़या के पास स्थित राजकीय छात्रावास।संवाद
- मड़या, परबता और रमवापुर सरकारी छात्रावास के लिए मांगे गए आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत अनुसूचित जाति के छात्रों का राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास मड़या खलीलाबाद, परबता नाथनगर तथा रमवापुर सरकारी सांथा में प्रवेश शुरू है। जो छात्र इसमें प्रवेेेश लेना चाहते हैं वह 20 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार बताया कि छात्रावास में प्रवेश हेतु वही छात्र अर्ह होंगे जो समाज कल्याण विभाग, कल्याण सेक्टर के अन्य विभाग के जरिये प्रदत्त की जा रही छात्रवृत्ति योजना में छात्रवृत्ति प्राप्त करने की पात्रता रखते हों। छात्रावास में प्रवेश हेतु कुल उपलब्ध क्षमता का 70 प्रतिशत स्थान अनुसूचित जाति, जनजाति अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित होंगे।
30 प्रतिशत अन्य पिछड़े वर्ग एवं सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए होंगे और दिव्यांग छात्रों को प्रवेश हेतु वरीयता प्रदान की जाएगी। छात्रावास में प्रवेश हेतु छात्र की योग्यता, उच्च कक्षा की प्राथमिकता, मूल निवास स्थान की दूरी के आधार पर होगा। सामान्य योग्यता के छात्रों के प्रवेश हेतु प्राथमिकता का आधार आर्थिक होगा तथा छात्रावास हेतु केवल वे छात्र पात्र होंगे जो नियमित रूप से स्कूल, कॉलेज, महाविद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे हों तथा छात्रावास में प्रवेश केवल एक ही वर्ष के लिए लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त छात्रावासों में प्रवेश के लिए पात्रता में आने वाले ऐसे छात्र जो छात्रावास में प्रवेश लेना चाहते हैं, अपना आवेदनपत्र निर्धारित प्रारूप पर 20 जुलाई तक कार्यालय में जमा कर सकते हैं।