जिला अस्पताल में मरीज देखते हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ शिवओंभू -संवाद
- हाथ-पैरों की उंगलियों में हो रहे दर्द का ले रहे उपचार, पुरानी चोट का दर्द भी उभर रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल के हड्डी रोग कक्ष में प्रतिदिन जोड़ के दर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। शीतलहर और सर्दी बढ़ने के साथ ही उम्रदराज लोगों के जोड़ों के साथ हाथ पैर की उंगलियों में भी दर्द हो रहा है। शुक्रवार को 150 से अधिक मरीजों ने जोड़ों के दर्द का उपचार कराने पहुंचे।
अस्पताल की ओपीडी में दो कक्ष में हड्डी रोग चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हैं। यहां प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. शिव ओंभू ने बताया कि सर्दी बढ़ने और शीतलहर चलने के साथ ही लोगों के हाथ पैर की उंगलियों व जोड़ों में दर्द होना शुरू हो गया है। यह दिक्कत 30 से अधिक उम्र के लोगों में अधिक हो रही है। वहीं पुरानी चोट का दर्द भी उभर आता है, जिससे लोग परेशान रहते हैं। इसके साथ ही महिलाओं में ज्यादातर कमर में दर्द की शिकायतें आ रही हैं। सर्दी में लोग परिश्रम करने की जगह आराम करते हैं जिसकी वजह से दर्द होना शुरू हो जाता है। लोग रोजाना व्यायाम करें तो उन्हें काफी आराम मिले। बताया कि सर्दी में बुजुर्ग लोग गर्म पट्टी पहनें, जिससे काफी आराम मिलता है। वहीं चिकित्सक की सलाह के साथ ही दवाओं का सेवन करें।
00000000000000
इन बातों का रखें ध्यान
- दर्द वाली जगह पर गर्म पट्टी बांधें।
- ठंडे चीजों का सेवन करने से बचें।
- निरंतर दवाओं का सेवन करें।
- गंभीर स्थिति में चिकित्सक से संपर्क करें।