टेमा चौराहे के पास आग का गोला बनी बोलेरो। स्रोत-सोशल मीडिया
संतकबीरनगर। थाना क्षेत्र के बस्ती-गोरखपुर फोरलेन पर सोमवार की रात 12:30 बजे खझौला पुलिस चौकी के सामने एक बोलेरो पीछे से एक डीसीएम से टकरा गई। इससे बोलेरो में आग लग गई। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने घायलों को बाहर निकलवाकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में बोलेरो में सवार चार लोग झुलस गए। इनमें से दो को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि तीन लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि घायल सातों लोग पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी हैं। वे बस्ती में एक शादी में शामिल होकर रात में बोलेरो संख्या यूपी 53 डीजेड 4405 से फोरलेन के रास्ते खलीलाबाद की तरफ जा रहे थे। परसा हज्जाम चौकी खझौला के सामने अज्ञात डीसीएम में पीछे से टकराने से बोलेरो में आग लग गई।
पुलिस और राहगीरों की सहायता से बोलेरो में सवार लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती उपचार के लिए भेजा गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाई।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी सातों घायल व्यक्ति पीडब्ल्यूडी में कार्यरत हैं। घायल गंगाराम पुत्र राजाराम जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती हैं। विनय पुत्र राजबहादुर और मनोज पुत्र रामनाथ को गोरखपुर रेफर किया गया है। मोहम्मद यूसुफ पुत्र मोहम्मद मुस्तफा खलीलाबाद एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती हैं। प्रदीप चौरसिया निवासी उमिला कांटे थाना कोतवाली खलीलाबाद, राजेश निवासी दीघा थाना कोतवाली खलीलाबाद, अश्वनी निवासी खलीलाबाद को हल्की चोट/खरोंच आईं थी। जिन्हें प्राथमिकी उपचार के बाद घर भेज दिया गया।