मेंहदावल। थाना क्षेत्र के बेलौली गांव स्थित राप्ती नदी के किनारे मंगलवार को एक अधेड़ का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी पहचान रामकृष्ण (55) पुत्र तीरथ, निवासी करतहरी, थाना पीपीगंज, गोरखपुर के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने अपनी लूंगी का फंदा बनाकर पेड़ से लटककर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।