संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफा मार्केट में एक ब्यूटी पार्लर संचालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। इसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार बरदहिया बाजार निवासी 23 वर्षीय रानी साहिबा रोज की तरह शुक्रवार की सुबह करीब 10:00 बजे मुस्तफा मार्केट में अपने ब्यूटी पार्लर गईं। शाम करीब 7:30 बजे जब उसका फोन रिसीव नहीं हुआ तो परिजनों को चिंता सताने लगी। परिजन मौके पर पहुंचे तो पार्लर का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर तीसरी मंजिल की सीढ़ियों के पास रानी साहिबा का शव फंदे से लटका मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। वहीं फाॅरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए।
बता दें कि रानी साहिबा का परिवार बिहार के सीवान जिले का रहने वाला है। पिता कबाड़ी का काम करते हैं। परिवार के साथ करीब 20 वर्षों से बरदहिया बाजार में किराए के मकान में रहते हैं।
-
मुस्तफा मार्केट में युवती द्वारा फंदा लगाकर खुदकुशी की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-सुशील कुमार सिंह, एएसपी