मथौली। बालू और मिट्टी खनन की शिकायत लगातार अधिकारियों के पास पहुंच रही है। इसको लेकर खनन अधिकारी भी सक्रिय हैं। शनिवार को खनन अधिकारी अपनी गाड़ी से देवराज पिपरा घाट पर पहुंंचे जहां छोटी गंडक नदी में बालू निकाल नाव के माध्यम से खनन माफिया बाहर ला रहे थे। खनन अधिकारी को देख माफिया मौके से भाग गए तो अफसर ने नाव तोड़वा दिया।
कप्तानगंज तहसील क्षेत्र में बालू और मिट्टी का खनन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से खनन माफियाओं का हौसला बुलंद है। इसकी शिकायत डीएम तक भी पहुंच गई है। डीएम ने खनन अधिकारी को किसी भी कीमत पर बालू खनन नहीं होने का निर्देश दिया है। दोपहर में खनन अधिकारी को सूचना मिली कि देवराज पिपरा घाट पर खनन माफिया दिन में ही गंडक नदी से बालू निकाल रहे हैं। खनन अधिकारी घाट पर पहुंचे तो इनको देख वहां मौजूद खनन माफिया नदी में कूदकर भाग गए जबकि नाव को खनन अधिकारी ने तोड़वा दिया। इसके पूर्व भी इस घाट पर बालू खनन करते हुए लोग मिल चुके हैं और नाव तोड़ी गई है, लेकिन खनन माफियाओं पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण बालू खनन नहीं रूक रहा है। खनन अधिकारी की गाड़ी देख आस-पास के गांव वाले भी पहुंच गए। लोगों ने खनन अधिकारी से बताया कि स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से बालू खनन बड़े पैमाने पर होता है। इन माफियाओं पर कार्रवाई नहीं होने के कारण बालू खनन नहीं रूकता है। खनन अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मौके से बालू खनन करने वाले भाग गए। नाव पर बालू लदा था, उसे तोड़वा दिया गया। बालू खनन करने वालों के बारे में पता लगाया जा रहा है।