दुधारा स्थित एक केंद्र पर परीक्षा देने जाती छात्राएं-स्रोत कॉलेज
संतकबीरनगर। जिले के 94 केंद्रों पर सोमवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा संपन्न हुई। इसमें 320 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। इसमें हाईस्कूल के 100 व इंटरमीडिएट के 220 परीक्षार्थी शामिल रहे। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए गेट पर सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा के लिए 94 केंद्रों दो पालियों में परीक्षा चल रही है। पहली पाली में हाईस्कूल की परीक्षा में उर्दू विषय में 100 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी, इसमें 97 संस्थागत और तीन व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं। इसी तरह से इंटरमीडिएट की परीक्षा में 41 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसमें 41 संस्थागत ही रहे। द्वितीय पाली में शाम के समय इंटरमीडिएट मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, तर्कशास्त्र की परीक्षा थी।
इसमें 175 अनुपस्थित रहे, जिसमें 175 संस्थागत और चार व्यक्तिगत परीक्षार्थी रहे। परीक्षा सुबह 8.30 बजे से शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 7.30 बजे से ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान सघन चेकिंग की गई। इसके बाद ही प्रवेश दिया गया।
डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई।