-बस्ती से करमैनी घाट तक बीएमसीटी मार्ग के चौड़ीकरण की मंजूरी, केंद्र सरकार ने जारी किए 593 करोड़ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर/मेंहदावल। बस्ती से करमैनी घाट तक बीएमसिटी मार्ग की तस्वीर बदलने वाली है। हड़िया से करमैनी घाट तक सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा। लोग 18 मीटर चौड़ी सड़क पर फर्राटा भरेंगे। सड़क के चौड़ीकरण के लिए केंद्र सरकार ने 593 करोड़ रुपये जारी कर दिया है। एनएचएआई ने निर्माण कार्य के लिए अवर अभियंता की तैनाती कर दी है। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के विकास में गति आएगी।
बस्ती के हड़िया से करमैनी घाट तक 50 किलोमीटर बीएमसीटी मार्ग का प्रथम चक्र में चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। खस्ताहाल हो चुकी इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी ने काफी प्रयास किया था। पूर्व में यह सड़क मेंहदावल नगर पंचायत क्षेत्र से गुजर रही थी। इससे बड़ी आबादी प्रभावित हो रही थी, जिससे सड़क का एलाइनमेंट बदल दिया गया है। अब यह सड़क कुसम्हा मंझरिया तिवारी के बीच से मुड़कर कांटी, कटकही होते हुए इमलीडिहा, बीमापार से करमैनी घाट को जोड़ेगी।
क्षेत्र का होगा चहुंमुखी विकास
बस्ती-करमैनी राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 593 करोड़ रुपये अवमुक्त किया है। सड़क के चौड़ीकरण में जिन किसानों की जमीन जा रही है, उन्हें मुआवजा देने के बाद कार्य प्रारंभ होगा। सड़क चौड़ीकरण से आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा।
बस्ती जिले के हड़िया से करमैनी तक प्रथम चरण में 50 किमी सड़क का चौड़ीकरण होगा। इस सड़क की चौड़ाई 18 मीटर होगी। बजट उपलब्ध हो गया है और कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है। ड्राइंग के अनुरूप सड़क का निर्माण होगा। -विश्वजीत सेजवाल, अवर अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग
बस्ती से करमैनी घाट तक सड़क जर्जर हो गई है। काफी दिनों से प्रयास किया जा रहा था। अब सड़क के चौड़ीकरण के लिए बजट जारी गया है। इस सड़क के चौड़ीकरण से वाहन फर्राटा भर सकेंगे और आसपास का तेज गति से विकास होगा। -अनिल त्रिपाठी, विधायक मेंहदावल
रोजगार के बढ़ेंगे अवसर
बस्ती-करमैनी राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा। सड़क से जुड़े आबादी वाले क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। - अनिल निषाद, पूर्व प्रधान कौवाठोर
मेंहदावल क्षेत्र का तेजी से होगा विकास
बस्ती-करमैनी राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण से मेंहदावल क्षेत्र का समुचित विकास होगा। बस्ती से करमैनी होकर तमकुही होते हुए बिहार तथा नेपाल जाने वालों को आसानी होगी। रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। - अवनींद्र नाथ त्रिपाठी, नगपुर